अधिकारी नहीं कर रहे अपनी ड्यूटी का पालन : सुबोध

देहरादून। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने बृहस्पतिवार को जनता दरबार में अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कई बार कहा जा चुका है कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह ईमानदारी के साथ करें लेकिन दुर्भाग्य यह है कि बार-बार कहने के बावजूद अधिकारी अपनी ड्यूटी का पालन नहीं कर रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याएं लेकर लोग जनता दरबार में आते हैं। कायदे से इन छोटी -छोटी समस्याओं का समाधान अधिकारियों के स्तर पर ही हो जाना चाहिए। लेकिन वह नहीं हो पा रहा है। श्री उनियाल ने कहा कि विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे सुधर जाएं, वरना सरकार मजबूरन एक्शन लेने को बाध्य हो जाएगी। उनियाल ने कहा कि कई बार तो ऐसा भी देखा गया है कि मंत्री द्वारा आदेश दिए जाने के बाद भी अधिकारियों के टेबलों पर फाइलें पड़ी रहती हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। बृहस्पतिवार को करीब 80 लोग अपनी फरियाद लेकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे। मंत्री ने सबकी समस्याएं सुनी और उनका निदान किया। अधिकांश समस्याएं मंत्री ने फोन पर ही सुलझा दी। आज भूखंड अतिक्रमण, सीवर लाइन समस्याएं, सड़क खुदाई और आर्थिक मदद को लेकर लोग पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *