हर किसी से खुद को ऊपर समझती है नौकरशाही: वीके सिंह
देहरादून। चीन व पाकिस्तान के साथ दो मोर्चो पर युद्ध को पूर्व थलसेना अध्यक्ष एवं विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने केवल आशंका मात्र करार दिया है। इस दौरान उन्होंने नौकरशाही के बाबत कहा कि आज ऐसी व्यवस्थाएं बना दी गयी है कि नौकरशाही खुद को हर किसी से ऊपर समझती है।
दून के वेल्हम ब्वायज स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि भारत-चीन के बीच युद्ध जैसी कोई बात नहीं है। हाल ही में वायु सेना प्रमुख बीएस धनोवा ने बयान दिया कि हम चीन व पाकिस्तान के साथ दो मोर्चो पर युद्ध के लिए तैयार हैं। विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि एक सामान्य व्यक्ति जब कभी घर से भी निकलता है तो तमाम आशंकाओं से घिरा रहता है। फिर यह तो देश की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। लिहाजा, हमें हमेशा हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए।
चीन से भारत के रिश्तों पर उन्होंने कहा कि हमारे बहुत अच्छे वाणिज्यिक संबंध हैं। साथ ही वैश्विक पटल पर भी भारत और चीन का अलग स्थान है। प्रधानमंत्री मोदी भी बार-बार यही बात दोहराते आए हैं। इस बात को चीन भी अब समझने लगा है और उसके रुख में बदलाव आया है। पाकिस्तान से चीन की बढ़ती नजदीकियों पर उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी नया नहीं है। चीन को अपनी नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए कोई न कोई तो चाहिए ही। उन्होंने उत्तराखंड के चमोली जिला स्थित बाराहोती क्षेत्र में चीनी घुसपैठ की बात को भी खारिज कर दिया। कहा कि यह क्षेत्र लंबे अर्से से विवादित रहा है और पिछले कई दशक से वहा ऐसी घटनाएं होती आई हैं।
सेना में महिलाओं की लड़ाके की भूमिका पर विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि यह एक पूरी प्रक्रिया है। महिलाओं को पहले अफसर के रूप में सेना में शामिल किया गया और अब सेना पुलिस में जवान के तौर पर। मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि उनका भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने नौकरशाही के बाबत कहा कि लोकतंत्र का अर्थ है जनता का शासन। जनता ब्यूरोक्रेट नहीं, राजनीतिक नेतृत्व चुनती है। लेकिन व्यवस्थाएं ऐसी बना दी गई हैं कि लगता है ब्यूरोक्रेसी का ही राज है। नौकरशाही खुद को हर किसी से ऊपर समझती है।