मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे इन आठ जिलों में पाले और कोहरे की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में आज कोहरे और पाले का असर बढ़ने की संभावना है। दो मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सुबह-शाम पाला बढ़ने का अनुमान है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में पाला अधिक गिरेगा, जिससे ठंड में बढ़ोत्तरी होगी।
शुक्रवार और शनिवार को ज्यादातर क्षेत्रों में घना कोहरा रहा। रविवार को इसमें और बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के अधिकांश क्षेत्रों में कोहरा बढ़ जाएगा। इससे जहां दृश्यता कम होगी, वहीं ठंड में भी बढ़ोत्तरी होगी। पहाड़ी जिलों विशेषकर चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा में रात के समय पाला बढ़ जाएगा। ज्यादातर क्षेत्रों में पाले की मात्रा बढ़ने से ठंड में भी खासी बढ़ोत्तरी होगी। मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राजधानी दून समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को मौसम साफ रहेगा। सुबह के समय बेहद हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा पूरे प्रदेश में मौसम खुला रहने की संभावना है। दिन में ज्यादातर इलाकों में अच्छी धूप खिली रहेगी।