इस दिन दिल्ली में निकलेगी गौभक्तों की रैली

गौ कथा का आयोजन 13 सितम्बर से परेड मैदान में
देहरादून। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 13 से 19 सितम्बर तक उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून के परेड मैदान में भव्य गौ कथा का आयोजन किया जा रहा है। गौ कथा देश के सुविख्यात धेनुमानस के रचयिता और भारतीय गौ क्रांति मंच की स्थापना कर पूरे देश में गौरक्षा की अलख जगाने वाले गोपाल ‘मणि’ जी महाराज करेंगे। यह बात आज यहां प्रेस क्लब में गौ कथा आयोजन समिति के संरक्षक सूर्यकान्त धस्माना ने एक प्रेस वार्ता में कही।
श्री धस्माना ने कहा कि गोपाल ‘मणि’ ने देश के कोने-कोने में जाकर गौकथाओं के माध्यम से देश में गौरक्षा की अलख जगाई है एवं गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग विगत कई वर्षों से कर रहे हैं। इसी कड़ी में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी परेड मैदान में गौकथा का आयोजन 13 सितम्बर से 19 सितम्बर तक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि गाय इस देश में करोड़ों हिन्दुओं की आस्था की प्रतीक है और गाय का सम्मान सभी धर्मों के लोगां को करना चाहिए।
श्री धस्माना ने बताया कि कि आगामी 18 फरवरी 2018 को दिल्ली में तीसरी बार गौमाता को राष्ट्रमाता के पद पर प्रतिष्ठित कराने के लिए लाखों गौभक्तों की एक रैली दिल्ली में आयोजित की जा रही है। श्री धस्माना ने बताया कि पूज्य गोपाल ‘मणि’ महाराज द्वारा इस विषय में पांच मांगे केन्द्र सरकार से रखी गई हैं, जो निम्न प्रकार हैं-
1. गौमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक सम्मान दिया जाये तथा गौ मंत्रालयों की स्थापना केन्द्र तथा राज्य सरकारों में अलग से की जाये।
2. किसानों को गौवंश के गोबर का मूल्य देकर गोबर का संग्रह हो और गोबर का प्रयोग खाद के लिए, गोबर गैस एवं गाड़ियों को चलाने के लिए मीथेन गैस बनाने के लिए उपयोग हो, जिससे देश की आर्थिकी व भूमि की उर्वरा शक्ति मजबूत होगी।
3. गौ हत्या पर सम्पूर्ण भारत में पूर्ण प्रतिबन्ध हो और गौ हत्यारों के लिए मृत्युदण्ड का प्रावधान हो।
4. 10 वर्ष तक के बच्चों को भारतीय गाय का दूध उपलब्ध हो तथा जरसी आदि गायों पर प्रतिबन्ध लगाकर भारतीय नस्ल के गौवंश पर वैज्ञानिक अनुसंधान हों।
5. गौ चरान गौवंश के लिए मुक्त हो तथा प्रत्येग गांव में भारतीय नन्दी की व्यवस्था हो।
प्रेस वार्ता में गौकथा आयोजन समिति के संरक्षक मनोहर लाल जुयाल, अध्यक्ष बलबीर सिंह पंवार, संयोजक अजय पाल सिंह रावत, महामंत्री डॉ0 रामभूषण बिजल्वाण, सूरत राम डंगवाल, शूरवीर सिंह मटूडा, अशोक मिश्रा, राकेश पंडित, बसुमति पंवार आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *