उत्तराखंड दौरा : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का ये रहेगा कार्यक्रम

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास का कार्यक्रम जारी कर दिया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के देहरादून प्रवास का विस्तृत कार्यक्रम जारी करते हुए कहा कि श्री शाह 19 सितंबर को विमान से सुबह 9.30 बजे जैालीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचेंगे और 20 सितंबर को रात्रि रेल मार्ग से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। श्री शाह का पूरा कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। उन्होंने बताया कि श्री शाह के साथ राष्ट्रीय महामंत्री डा. अनिल जैन, विभाग और प्रकल्प के राष्ट्रीय समन्यवक अरविंद मेनन एवं आईटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय भी देहरादून आ रहे हैं। भट्ट के मुताबिक 19 सितम्बर को जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर आगमन के बाद श्री शाह का मार्ग में डोईवाला, रिस्पना पुल, आराघर चौक, सव्रे चौक व दिलाराम चौक पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे होटल में 11 बजे प्रदेश पदाधिकारियों, कोर ग्रुप, सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों, जिला महामंत्रियों, जिला परिषद चेयरमैन, सहकारी बैंक अध्यक्षों, मेयर, राष्ट्रीय पदाधिकारियों आदि की बैठक में भाग लेंगे।
दोपहर एक बजे प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ भोजन के उपरांत दोपहर 2.30 बजे वे विस्तारक पालक बैठक, चार बजे प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों, कोर ग्रुप, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों और पांच बजे मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजकों व सह संयोजकों के साथ बैठक करेंगे। उसके बाद वे सांय छह बजे ओएनजीसी में प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। रात नौ बजे उनकी सांसदों और विधायकों के साथ बैठक होगी। इस दिन के समस्त कार्यक्रमों का प्रभारी प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल को बनाया गया है।श्री भट्ट ने कहा कि 20 सितंबर को शाह प्रात: 10.30 बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पुस्तकालय व ई-पुस्तकालय का उदघाटन करेंगे। इसके बाद वे 11 बजे प्रदेश विभाग व प्रकल्प टीम के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 1 बजे शाह एक कार्यकर्ता के निवास पर भोजन करेंगे। फिर 2.30 बजे होटल में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
इसके बाद तीन बजे सव्रे आफ इंडिया हाथी बड़कलां के स्टेडियम में वे जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष व महामंत्री, मंडल अध्यक्ष महामंत्री, प्रकोष्ठ जिला संयोजक के विशाल सम्मेलन को संबोधित करेंगे। तदनंतर शाम पांच बजे बीजापुर अतिथि गृह में कोर ग्रुप, चुनाव प्रबंधन, सांसद मीडिया व सोशल मीडिया टीम के साथ बैठक में पीपीटी प्रस्तुतिकरण होगा। इसी स्थान पर शाम 6.30 बजे आजीवन सहयोग निधि टीम की बैठक, रात्रि आठ बजे मंत्रियों के साथ बैठक व रात्रि नौ बजे कोर ग्रुप के साथ बैठक होगी। उसके बाद वे रात्रि में नंदादेवी एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इस दिन के प्रभारी प्रदेश महामंत्री गजराज बिष्ट हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि शाह के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और जनता में भारी उत्साह है और इससे प्रदेश में पार्टी को और मजबूती प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार बनने के बाद श्री शाह का यह पहला दौरा है। विधानसभा चुनाव के दौरान शाह ने जहां पार्टी की रणनीति बनाई व मार्गदर्शन दिया, वहीं उन्होंने उत्तराखंड में विभिन्न रैलियों को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *