देहरादून। हाम्रो स्वाभिमान ट्रस्ट के तत्वावधान में नौ सितंबर को महेंद्र ग्राउंड गढ़ी कैंट में गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव मेला आयोजित होगा। तीज उत्सव को लेकर तैयारियां शुरु हो गयी है। एक सितंबर को गोर्खाली सुधार सभा में सांस्कृतिक दलों के ऑडिशन होंगे। हरितालिका तीज उत्सव को सफल बनाने के लिए सोमवार को गोर्खाली सुधार सभा में बैठक आयोजित की गयी। सभा की सांस्कृतिक सचिव सुनीता क्षेत्री और देविन शाही ने बताया कि तीज उत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए सांस्कृतिक दलों के आवेदन आ गए हैं। सभा की संयोजिका उपासना थापा ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु एक सितंबर को गोर्खाली सभा के सभागार में ऑडिशन होंगे। ऑडिशन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले दलों को चयनित किया जाएगा, जो नौ सितंबर को मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर छटा बिखरेंगे। मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने कहा कि इसी दिन तीज क्वीन और तीज प्रिसेस प्रतियोगिता के लिए आवेदकों का रजिस्ट्रेशन भी होगा। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली तीज टोलियों का रजिस्ट्रेशन भी इसी दिन किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष मीनू आले, कोषायक्ष कमला थापा, सचिव मीनू क्षेत्री, गोदावरी थापली, पूजा सुब्बा, पूनम गुरूंग, कविता क्षेत्री, सरोज गुरुंग, मधु खनाल, विनिता क्षेत्री, संध्या थापा, आकांक्षा खड़का, गीता श्रेष्ठा, विनिता खत्री, पुष्पा क्षेत्री आदि मौजूद थे।