सपूतों वाली पार्टी वीरों की वीरता का मांगती है सबूत, कांग्रेस का एकमात्र काम डरना व झुकना
देहरादून/रूद्रपुर। कांग्रेस के रहने तक देश में गरीबी रहने की बात कहते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मलाई न मिलने के कारण ही कांग्रेस ने राफेल खरीद में देरी लगायी। इस दौरान उन्होंने जहां केन्द्र सरकार की उपलब्धियां गिनवायी, वहीं भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का आह्वान किया।
रूद्रपुर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी मंच पर पहुंचे और सभी नेताओं से भेंट की। देवभूमि को नमस्कार कर पीएम मोदी ने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि जिस उत्तराखंड का सपना अटल बिहारी जी ने देखा था। वह अब साकार हो रहा है। यहां की सड़कोंए कनेक्विटि जोड़ने के हमने प्रयास किए। चारधाम आल वेदर रोड का काम तेजी से चल रहा है। हाईवे पर तेजी से काम हो रहा है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन की वर्षों से मांग थी। तेजी से इस पर भी काम चल रहा है। बाबा केदारनाथ में भी तेजी से काम हो रहा है। देश देख रहा है। नमामि गंगे के तहत उत्तराखंड के कई शहरों में गंगा की सफाई के प्रयस हो रहे हैं। आज उत्तराखंड नए रास्ते में निकल पड़ा। अटलजी के वीजन के चलते रुद्रपुर शहर इंडस्ट्रीयल हब है।
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड सैनिक धाम है। विपक्ष ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए। डरने और झुकने वाले कांग्रेस के नामदार हैं। इनका खून तब भी नहीं खोलाए जब भरी सड़क पर आतंकवादी खून बहा रहे थे। सेना ने जवानों की मौत का बदला मांगा तो कांग्रेस ने सेनाध्यक्ष को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। देश की सेना को कांग्रेस ने हथियार नहीं दिए। क्योंकि कांग्रेस का ध्यान देश सुरक्षा की बजाए मलाई खाने में लगा था। पीएम ने कहा कि सेना को हथियार देने के मसले पर मामा भांजे फंसे रहे। कांग्रेस राफेल सौदे पर बैठी रही। क्योंकि उसे मलाई नहीं मिल रही थी। मलाई कैसे निकाले, किसकी मदद से निकाले, इसी सोच में दस साल निकाल दिए। हमारी सरकार ने वायुसेना की जरूरत को देखते हुए इस काम को आगे बढ़ाया। अगले कुछ दिनों में राफेल वायुसेना का हिस्सा होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि सपूतों वाली पार्टी वीरों की वीरता का सबूत मांगती है। देश विरोधी बातें बोल कांग्रेस हीरो बनना चाहती है। कहा कि हमारे देश के सैनिकों को जिस प्रकार से अपमानित दिखाया जा रहा है, नीचा दिखाने का प्रयास हो रहा है, अपशब्द बोलने की हिम्मत की जा रही है। ये उत्तराखंड वीरों की बलिदानियों की भूमि है। ऐसी भूमि पर देश के चौकीदार को आशीर्वाद देने के लिए इतने सारे चौकीदार एकसाथ निकल पड़े हैं। नारे लगवाए मैं भी… जनता ने बोला चौकीदार हूं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नामदार राजदरबारी करते हैं ऐसी बातें मोदी को नहीं करनी चाहिए। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मोदी को ऐसी बात नहीं करनी चाहिए। मोदी चुपचाप बैठ जाएगा क्या। डरने वाले संस्कार आपके इस चौकीदार में नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि कान खोल कर सुन लें। देश के दुश्मन और विरोधी सुन लें। हम डरने वाले नहीं, बल्कि डटने वाले हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि जो सलूक और काम कांग्रेस ने देश के जवानों के साथ किया वहीं सलूक किसान और गरीबों के साथ किया। चार पीढ़ी पहले गरीबी हटाने का वादा कांग्रेस ने किया था, वहीं वादा इस बार भी कांग्रेस दोहरा रही है। ये कांग्रेस के झूठ का, सोच का और उसकी असफलता का सबसे बड़ा सबूत है। उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस रहेगी, देश के हर कोने में गरीबी रहेगी। इस दौरान पीएम ने अपनी सरकार की उलब्धियां गिनाई। कहा कि 2022 तक इस देश में कोई परिवार पक्के घर के बिना नहीं रहेगा। इतिहास में पहली बार सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। ये तमाम काम अगर हुए हैं तो इसके पीछे आपका एक वोट है। सम्बोधन के दौरान मंच से नैनीताल प्रत्याशी अजय भट्ट का नाम पुकराते हुए श्री मोदी ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
जनसभा में भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने देश को मजबूत करने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की इच्छा शक्ति ने ही आज भारत को विश्व की चौथी महाशक्ति बनाते हुए अंतरिक्ष में जासूसी करने वाले उपग्रह को नष्ट करने की क्षमता हासिल कर देश की सुरक्षा को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने आज तक देश को लूटने का ही काम किया। इसके प्रमाण सामने आने लगे है।