झंडा मेला: गुरू के जयकारों से गूंजी द्रोणनगरी

देहरादून। झण्डे मेले के तीसरे दिन दरबार साहिब के सज्जादा नशीन महंत देवेन्द्र दास की अगुवाई में संगतों ने भव्य नगर परिक्रमा की। परिक्रमा के दौरान शहर के जिस मार्ग से भी संगतों का जत्था निकला लोगों ने पुष्पवर्षा से संगतों का स्वागत का माल्यापर्ण कर स्वागत किया व झंडे मेले की बधाई दी।
बीरवार को झंडे मेले के उपलक्ष्य में देश के विभिन्न प्रांतों से दून पहुंची संगतों ने दरबार साहिब की प्राचीन परंपरा के अनुसार महंत देवेन्द्र दास की अगुवाई में नगर परिक्रमा पूरी की। तय कार्यक्रम के अनुसार विधि विधान के साथ पूजन के बाद दरबार साहिब परिसर से सुबह नौ बजे गुरु महाराज व झंडे जी के जयकारों के साथ नगर परिक्रमा का आरंभ हुआ। पुष्प वर्षा के बीच यह यात्रा सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल बिंदाल पहुंची। वहां परिक्रमा में शामिल संगतों ने भजन-कीर्तन कर गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया और फिर प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद परिक्रमा के तिलक रोड, घंटाघर, गांधी रोड, रीठा मंडी होते हुए गुरु रामराय पब्लिक स्कूल भंडारी बाग पहुंचने पर संगतों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। वहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। फिर, संगतें मातावाला बाग स्थित महंत साहिबानों के समाधि स्थल पहुंची और वहां मत्था टेकने के साथ ही भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। दोपहर करीब दो बजे नगर परिक्रमा ने दरबार साहिब पहुंचकर विश्राम लिया। इस मौके पर महंत देवेंद्र दास महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। उधर दरबार साहिब में भी संगतों ने भजन-कीर्तन के जरिये गुरु महाराज की महिमा का बखान किया।


जनता का महंत ने जताया आभार
देहरादून। दरबार साहिब के गद्दी नशीन महंत देवेन्द्र दास ने झंडा आरोहण व नगर परिक्रमा संपन्न होने के बाद देहरादून की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि झंडे साहिब मेले में शामिल होने के लिए देश विदेश से संगत देहरादून पहुंचती है। जिस प्रकार संगतों को दून की जनता से अपनापन मिलता है, उस प्रेम से संगत अभीभूत हुई है। उन्होंन कहा कि इस पावन अवसर पर दरबार साहिब सभी के कल्याण व सुखमयी जीवन की कामना करता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *