देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश में वर्षा एवं बर्फबारी के कारण बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए सभी जिलाधिकारियों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि सभी रैन बसेरों का सघन निरीक्षण कर वहां ठहरने वाले सभी व्यक्तियों को सभी जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही ठंड से बचाव के लिए सभी जिलाधिकारी आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में स्वयं व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों से मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी एडवाइजरी का भी संज्ञान लेने को कहा और इस सम्बंध में भी सतर्कता बरतने के साथ ही साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।