थराली उप चुनाव फतह करने को अभी से जुटें कार्यकर्ता : प्रीतम

गोपेश्वर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा है कि थराली उप चुनाव को फतह करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारियों में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में दिखाई दे रहा माहौल कांग्रेस प्रत्याशी की जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा। विकासखंड सभागार घाट में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रीतम सिंह ने कहा कि थराली विधान सभा में होने वाले उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी डा.जीतराम के पक्ष में कार्यकर्ताओं को अभी से एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में कार्यकर्ताओं के जोश से यह बात स्पष्ट हो गई है कि इस उप चुनाव में कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास तथा रोजगार के मोर्चे पर नाकाम साबित हो रही है। युवा रोजगार न मिलने से मायूस हो चले हैं। महंगाई चरम पर है और आम जनता को महंगाई से उबारने की कोई सुध नहीं ली जा रही है। विकास का पहिया पूरी तरह थम गया है। इस कारण लोग अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पर वार करते हुए कहा कि सरकार निकाय चुनाव नहीं करवाना चाहती है। भाजपा सरकार को डर है कि कहीं निकाय चुनाव में पराजय का सामना न करना पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शराब माफिया के कब्जे में है और शराब नीति माफिया के अनुसार ही बनाई गई है। मुख्यमंत्री के विदेश यात्रा के सवाल पर उन्होने सरकार का पक्ष लिया। थराली के पूर्व विधायक व इस सीट के प्रत्याशी प्रो.जीतराम ने कहा कि थराली विधान सभा क्षेत्र की जनता उनके कार्यकाल में किए गए कामों पर भरोसा कर रही है। इसलिए इस बार इस क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद उन्हें मिलेगा। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह रावत, निकाय चुनाव जनपद प्रभारी राजेंद्र शाह, ब्लाक अध्यक्ष सुखबीर रौतेला, जिपंस दर्शन सिंह रावत, ब्लाक प्रमुख कर्ण सिंह नेगी, एआईसीसी के सदस्य सुमंत तिवारी, गौचर के पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख देव सिंह नेगी, ब्लाक महामंत्री महिपाल सिंह रावत, पूर्व जिपंस महेश शंकर त्रिकोटी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट, पदमेंद्र बिष्ट व प्रताप राम, प्रधान संगठन के अध्यक्ष मनोज कठैत, पूर्व क्षेपंस कलावती मैंदोली, मंजू रावत, कलावती बिष्ट, अमरा देवी, प्रधान चंद्री राम समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *