देहरादून। निकाय चुनाव खत्म होने के बाद सभी प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। भाजपा के प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा एकतरफा मुकाबले का दावा कर रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल ने कहना है कि मतदाताओं ने उन पर भरोसा जताया है।
जनता ने भाजपा पर जताया भरोसा : गामा
मतदान प्रक्रिया खत्म होने के बाद भाजपा प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने दावा किया कि निश्चित तौर पर जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा पर भरोसा जताया है। भाजपा ने एक दशक में जो भी विकास कार्य कराए हैं, उसका पूरा असर मतदान केंद्रों पर देखने को मिला है। इस बार 100 में से 60 से 70 वार्डों में भाजपा जीत का परचम लहराएगा। मेयर पद पर तो मुकाबला एकतरफा है।
कांग्रेस का लहराएगा परचम : दिनेश अग्रवाल
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल का कहना था कि जनता ने बदलाव चाहा है, इसलिए कांग्रेस का दामन थामा है। उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव को भी जनता की पसंद बताया। निश्चित तौर पर इस बार निगम में बड़ा बदलाव होगा और एक दशक के बाद कांग्रेस का परचम लहराएगा। इसके अलावा वार्डों में भी कांग्रेस की जीत होगी।