देहरादून। देश के प्रथम प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के निर्माता पं0 जवाहर लाल नेहरू को बच्चों से बहुत स्नेह और प्यार था। इसीलिए आज उन्हें प्यार से चाचा नेहरू के नाम से पुकारा जाता है। यह विचार आज यहां देहरादून कैन्ट विधानसभा के श्रीदेवसुमन नगर स्थित रा.प्रा.विद्यालय में बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना ने रखे। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी संस्था माध्यम रोटी बैंक (बीइंग फिट जिम) द्वारा किया गया था।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि स्वतन्त्रता के पश्चात् देश एक अभूतपूर्व संकट से गुजर रहा था। देश में सुई तक का उत्पादन नहीं हो रहा था, अनेकों राजा अपनी-अपनी रियासत बचाने के लिए लगे हुए थे। ऐसे वातावरण में देश को दिशा देने का काम देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में नेहरू जी ने देश में विभिन्न शोध संस्थानों की स्थापना की, जिसमें शोध करके तकनीकी जानकारी एकत्रित की गई तथा देश में अपने स्तर पर विभिन्न वस्तुओं का उत्पादन प्रारम्भ किया गया। श्री धस्माना ने कहा कि पं0 नेहरू ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उन्नति के लिए देश में आई.आई.टी. की स्थापना की। उन्होंने बिना किसी राजनैतिक भेदभाव के विभिन्न दलों से प्रतिनिधि चुन कर अपना प्रतिनिधिमण्डल तैयार किया, जिससे देश के सर्वांगीण विकास को मदद मिली और आज देश प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी है।
श्री धस्माना ने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के मानवीय पक्ष का जिक्र करते हुए कहा कि पं0 नेहरू बच्चों से बहुत प्यार करते थे। उन्होंने कहा इसीलिए आज भी देश के नागरिक उन्हें प्यार से चाचा नेहरू बुलाते हैं। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अब्दुल वाजिद, अध्यापकगण शकुन्तला नेगी, हिमानी तोमर, सरोजनी रावत, दमयन्ती मेहता, प्रवीण रतूड़ी, रोटी बैंक के सुमित अग्रवाल, अमित अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, अनिल चौहान, शिवम, पंकज आदि उपस्थित थे।