देहरादून। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएचएस) की नई कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव के परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित हुए। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा. डीपी जोशी संघ के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। महासचिव पद पर डा. दिनेश चौहान ने जीत हासिल की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी डा. डीके चक्रपाणि को 198 मतों से पराजित किया।
मुख्य चुनाव अधिकारी डा. बीएस जंगपांगी, सहायक चुनाव अधिकारी डा. एनएस नपलच्याल व डा. एनएस खत्री ने परिणाम घोषित कर विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये।पीएमएचएस की नई कार्यकारिणी के लिए मतदान बीती 13 नवंबर को जनपद मुख्यालयों पर हुआ था। बृहस्पतिवार को मतों की गिनती कर परिणाम घोषित किया गया। अध्यक्ष पद पर सिर्फ एक नामांकन हुआ। ऐसे में डा. डीपी जोशी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष (मुख्यालय) के पद पर डा. आनंद शुक्ला, अतिरिक्त महासचिव (गढ़वाल) पद पर डा. अजीत मोहन जोहरी, अतिरिक्त महासचिव (कुमाऊं) पद पर डा. मनोज कांडपाल, कोषाध्यक्ष के पद पर डा. राम प्रकाश, एडिटर के पद पर डा. प्रियंका सिंह व उपाध्यक्ष (डेंटल) के पद पर डा. चारू बहुगुणा निर्विरोध निर्वाचित हुई। उपाध्यक्ष (पुरु ष) पद पर डा. आरपी खंडूड़ी ने डा. प्रदीप राणा को 144 मतों से हराया। उपाध्यक्ष (महिला) पद पर डा. मेघना असवाल ने डा. गरिमा पंत बिष्ट को 150 मतों से हराया।