प्रकाश पंत का पार्थिव शरीर शनिवार को पहुंचेगा उत्तराखंड, यहां किये जा सकेंगे अंतिम दर्शन

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। काबिना मंत्री प्रकाश पंत का पार्थिव शरीर शनिवार को उत्तराखंड पहुंचेगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए जौलीग्रांट स्थित एसडीआरएफ के मुख्यालय में रखा जाएगा। उधर प्रकाश पंत की अंत्येष्टि में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केन्द्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान पुलिस ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
अमेरिका के अस्पताल में बुधवार को अंतिम सांस लेने वाले सूबे के केबिनेट मंत्री प्रकाश पंत का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह जौलीग्रांट स्थित एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए एसडीआरएफ मुख्यालय में रखा जाएगा। उधर प्रकाश पंत की अंत्येष्टि में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केन्द्रीय मंत्री शामिल हो सकते हैं। उनके अंतिम संस्कार में केंद्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट समेत सरकार के कई मंत्री, विधायक, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक पंत के पार्थिव शरीर को एसडीआरएफ मुख्यालय से हैलीकाप्टर के जरिये पिथौरागढ़ स्थित उनके गांव ले जाएगाए जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इधर, प्रकाश पंत के निधन की सूचना उनके परिजनों को देने के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पिथौरागढ़ जाने की तैयारी में थे लेकिन बाद में इरादा बदल दिया। प्रदेश  अध्यक्ष अजय भट्ट के मुताबिक पंत के वृद्ध माता पिता को उनके निधन की जानकारी नहीं है। ये जानकारी परिवार के ही लोग दें, तो बेहतर रहेगा। इसलिए पिथौरागढ़ जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। अब वे शनिवार को पिथौरागढ़ जाएंगे। इसी बीच एसपी सिटी श्वेता चौबे ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ वहां की व्यवस्थाओं पर मंथन किया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर एसडीआरएफ मुख्यालय मार्ग पर काफी संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *