खेल महाकुम्भ का शुभारम्भ 9 को
नैनीताल। 09 नवम्बर से 13 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले खेल महाकुम्भ का शुभारम्भ स्थापना दिवस 09 नवम्बर को जनपद मुख्यालय के नजदीकी न्यायपंचायत में किया जायेगा। विडियो काॅफ्रेसिंग द्वारा सम्बोधित करते हुए शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डे ने कहा कि खेल कुम्भ आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में खेल का माहौल बनाना है ताकि प्रदेश के बच्चे खेल में आगे निकल सके। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ ही खेल भी आवश्यक है व खेल में भी भविष्य बनाया जा सकता है। खेल महाकुम्भ में अधिक से अधिक बच्चों का प्रतिभाग हो इसके लिए अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाये। उन्होंने कहा कि न्यायपंचायत, ब्लाॅक,जनपदों से निकलने वाले अच्छे खिलाड़ियों को खेल विद्यालयों में प्रवेश दिया जायेगा ताकि प्रदेश के खिलाड़ी आगे बढ़कर राष्ट्रीय, अन्तराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सके। खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों से पूर्व प्रदेश में खेल महाकुम्भ का आयोजन किया जा रहा है जिससे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन हो व हमारे अधिक से अधिक खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं को प्रतिभाग कर सके। उन्होंने कहा कि खेल महाकुम्भ में जनप्रतिनिधियों का प्रतिभाग सुनिश्चित किया जाय तथा अधिक से अधिक जनसभागिता होनी चाहिए। विडियो काॅफ्रेसिंग में अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल ने अवगत कराया कि अब तक जनपद में 925 खिलाड़ियों का पंजीयन किया जा चुका है साथ ही बताया कि प्राइवेट स्कूलों में भी खेल महाकुम्भ में प्रतिभाग करने हेतु निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि गुरूवार से आॅन लाईन पंजीकरण भी प्रारम्भ कर दिया जायेगा। उन्होंने बताय कि जनपद में न्यायपंचायत, ब्लाॅक, जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताऐं कराने हेतु 44 मैदानों का चिन्हितकरण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि 09 नवम्बर प्रातः तक खिलाड़ी अपना पंजीयन कर सकते हैं। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक खिलाड़ी खेल महाकुम्भ में अपना पंजीयन कराये। इस विडियो काॅफ्रेसिंग में सहायक निदेशक खेल अख्तर अली, जिला युवा कल्याण अधिकारी दीप्ति जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल स्वरूप सहित ब्लाॅक युवा कल्याण अधिकारी आदि मौजूद थे।