देहरादून।श्री दरबार साहिब के सज्जादानाशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में बुधवार को नगर परिक्रमा निकाली जाएगी। नगर परिक्रमा सुबह 9:30 बजे प्रारंभ होगी। नगर परिक्रमा में 25 हजार से अधिक संगत शामिल होंगी। सोमवार को श्री झंडे जी के आरोहण के बाद दूसरे दिन भी श्री दरबार साहिब में संगतों की चहल-पहल रही। संगतों ने श्री झंडा साहिब पर मत्था टेका व मनौतियां मांगी। सुबह से ही श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्री महंत देवेंद्र दास महाराज के दर्शनों के लिए संगतों की लंबी कतार लगी रही। महाराज ने संगतों को दर्शन देकर उन्हें आशीर्वाद दिया। महाराज ने संगतों को आदर्श जीवन जीने, पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने, नशा मुक्ति में सहभागी बनने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आहवान किया। उन्होंने जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति व मोक्ष के रहस्य का ज्ञान भी दिया। उन्होने कहा कि सभी नागरिकों को आदर्श व्यक्ति-आदर्श परिवार का संकल्प लेकर श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने सुख शांति का संदेश एवं गुरुमंत्र देते हुए गुरु महिमा के महत्व से आत्मसात करवाया। जनसंपर्क अधिकारी भूपेन्द्र रतूड़ी ने बताया कि परंपरानुसार श्री झण्डे जी आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा का आयोजन किया जाता है। नगर परिक्रमा में श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में संगत नगर की परिक्रमा करती है। बुधवार की सुबह 9:30 बजे श्री दरबार साहिब परिसर से नगर परिक्रमा आरंभ होगी, 25 हजार से अधिक संगत नगर परिक्रमा में शामिल होंगी। नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बिंदाल पहुंचेगी। यहां संगत को चने, मुरमुरे व गुड़ का प्रसाद वितरित किया जाएगा। यहां से तिलक रोड, टैगोर-विला, घंटाघर व घंटाघर से पल्टन बाजार होते हुए लक्खीबाग पहुंचेगी। इसके बाद ब्रहमलीन श्री महंतों की समाधि पर माथा टेकेने के बाद दोपहर 1:30 बजे नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न होगी। नगर परिक्रमा के दैरान शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा।