भाजपा ने खानपुर विधायक को जारी किया नोटिस

देहरादून। भाजपा ने खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें जवाब देने के लिए 10 दिन का समय दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने चैंपियन के बयानों की पड़ताल प्रदेश भाजपा के महामंत्री नरेश बंसल से कराई थी। बंसल ने माना कि चैंपियन पर अनुशासनहीनता का मामला बनता है। अब पार्टी चैंपियन के जवाब का इंतजार करेगी। उसके बाद अगला एक्शन लिया जाएगा। इसके अलावा पार्टी कुछ और विधायकों को भी नोटिस जारी हो सकता है। उधर मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा था कि चैंपियन को पहला निशाना बनाया जाएगा। हालांकि गत दिवस चैंपियन ने एक कार्यक्रम में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात करने की कोशिश की थी लेकिन सीएम ने चैंपियन को बाद में बात करने के लिए कह दिया। बीते दिनों चैंपियन ने सरकार के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयानबाजी की थी। यही नहीं उन्होंने मुख्यमंत्री और उनकी सरकार की शिकायत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी की। उसके बाद से प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मचा है।