देहरादून। भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर जनता को धोखा देने का आरोप लगाया।
चकराता पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने जनता को भ्रमित कर सत्ता तो हासिल कर ली, लेकिन जन अपेक्षाओं पर सरकार खरी नहीं उतर पाई। उन्होंने कहा कि हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वायदा करने वाली भाजपा सरकार अपने चुनाव वायदे को भूल गई। भाजपा सरकार ने कंट्रोल की दुकान से रियायत दरों पर गरीबों को मिलने वाला राशन भी बंद कर दिया है। इससे गरीब परिवार भुखमरी की कगार पर है। उनका साफ कहना था कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों का जनता के बीच जाकर खुलासा करे। इस अवसर पर अनेकों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।