नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। नॉमिनेशन भरने की आखिरी तारीख 4 अक्टूबर को होगी और नामांकन वापस लेने की तारीख 7 अक्टूबर को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा के साथ-साथ 17 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 64 विधानसभा सीटों पर भी 21 अक्टूबर को उपचुनाव होंगे. साथ ही बिहार के समस्तीपुर लोकसभा सीट पर भी 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। लोकसभा चुनावों के बाद यह इस साल के पहले राज्य चुनाव हैं। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 2 नवंबर को और महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 9 नवंबर को खत्म हो रहा है।