देहरादून। नगर निगम देहरादून के नवनिर्वाचित मेयर और 100 पार्षदों को रविवार को नगर निगम परिसर में शपथ दिलाई जाएगी। मेयर को आयुक्त गढ़वाल मंडल शपथ दिलाएंगे। पार्षदों को मेयर शपथ दिलाएंगे। इसके बाद नगर निगम के नये बोर्ड का विविधवत गठन हो जाएगा। शपथ ग्रहण को लेकर नगर निगम में देर रात तक तैयारियों को अधिकारियों ने अंतिम रूप दिया। नगर निगम के नये मेयर सुनील उनियाल गामा और 100 नवनिर्वाचित पार्षद आज नगर निगम परिसर में शपथ लेंगे। नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को पूरा करने में शनिवार को सुबह से लेकर देर रात तक अधिकारी जुटे रहे। शपथ ग्रहण समारोह की भव्यता को देखते हुए टेंट लगाने के साथ बड़ा मंच लगाया गया है। साथ ही नए मेयर के कक्ष को चमकाने का काम तेजी से किया जाता रहा। इसके साथ ही नगर निगम परिसर के आसपास पूरी तरफ साफ-सफाई कराई गई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत सहित कई गणमान्य व्यक्ति शिकरत करेंगे। इसको देखते हुए सभी के बैठने के लिए अलग-अलग सिटिंग व्यवस्था की गई है। साथ ही रात को नगर निगम को पूरी तरह से लड़ियों से जगमग कर दिया गया।