देहरादून। आखिरकार राजकीय शिक्षक संघ के 34 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला हो गया है। अध्यक्ष पद पर केके डिमरी 345 मतों से चुनाव जीत गए जबकि महामंत्री पद पर फिर से डा. सोहन सिंह माजिला ने बाजी मारी। परिणाम घोषित होते ही लक्ष्मण विद्यालय में समर्थकों ने जश्न मनाया।
भंडारीबाग स्थित लक्ष्मण विद्यालय में सुबह आठ बजे से ही शिक्षकों का तांता लगना शुरू हो गया था। अपने-अपने नेताओं के पक्ष में बैच लगाये घूम रहे शिक्षक उनके पंफलेट लेकर प्रचार करते रहे। समर्थक शिक्षकों की ओर से होर्डिग्स भी लगाए गए थे। सुबह आठ बजे तक सैकड़ों शिक्षक मतदान स्थल पर पहुंच गये थे। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया मतदान स्थल पर गहमा-गहमी बढ़ती गयी। दोपहर 12 बजे तक बड़ी संख्या में शिक्षक वहां पहुंच चुके थे। दिन में ठीक दो बजे मतदान समाप्त होने के बाद शिक्षक नेताओं के समर्थक मतगणना का इंतजार करने लगे।
दोपहर बात शुरू हुई मतों की गिनती देर रात तक चलती रही। पांच चक्रों में हुई गिनती के बाद परिणाम सामने आए। उपाध्यक्ष के पद पर मुकेश प्रसाद बहुगुणा व अनुज कुमार चौधरी संघ के कोषाध्यक्ष चुने गए। अध्यक्ष के पद पर केके डिमरी, वर्तमान अध्यक्ष राम सिंह चौहान व शिव सिंह पहले राउंड से ही अच्छे वोट पाते रहे। तीसरे राउंड के बाद डिमरी आगे होते गए और उन्होंने राम सिंह चौहान को हराकर 345 मतों से चुनाव जीत लिया, उन्हें कुल 896 मत मिले। पहले व दूसरे राउंड में डिमरी को 147 व 117 मत व राम सिंह चौहान को 135 व 13 मत मिले थे। शिव सिंह 13 व 130 मत पाने में सफल रहे। महामंत्री पद पर सोहन सिंह माजिला व रमेश पैन्यूली में टक्कर दिखी।
पहले राउंड में माजिला को 179 व दूसरे में 206 वोट मिले। तीसरे राउंड के बाद माजिला आगे निकले और 169 मतों से जीत दर्ज की। रमेश पैन्यूली पहले में 199 व दूसरे में 258 मत पाकर बाद में पिछड़ गये। माजिला को 1415 वोट मिले जबकि रमेश पैन्यूली को 1246 मत मिले। देवेंद्र रावत को 212 मत मिले। उपाध्यक्ष के लिए मुकेश बहुगुणा को 995 मत मिले। संयुक्त सचिव के पद पर योगेश घिल्डियाल ने जीत दर्ज की।