वाजपेयी के निधन पर मंत्रियों ने किया शोक व्यक्त

देहरादून। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शासकीय प्रवक्ता कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत सभी मंत्रियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
शासकीय प्रवक्ता/कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने वाजपेयी जी के निधन को अपूरणीय क्षति बताया है एवं दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों एवं लाखों शुभचिंतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण व्यक्तित्व शिखर पुरुष के रूप में स्थापित है। उनकी पहचान एक कुशल राजनीतिज्ञ, प्रशासक, भाषाविद, कवि, पत्रकार व लेखक के रूप में है। स्वर्गीय वाजपेयी जी ने राजनीति को दलगत और स्वार्थ की वैचारिकता से अलग हट कर अपनाया और उसको जिया।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी के निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि प्रकट की है। उन्होंने कहा कि वाजपेई जी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। उनके निधन से राष्ट्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने राजनीति में जो आदर्श स्थापित किए हैं वह सदियों तक आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे उत्तराखंड निर्माण के लिए विशेष रूप से प्रतिबद्ध थे और उत्तराखंड राज्य की जनता की ओर से हम उनके सदैव कृतज्ञ रहेंगे। उनके भीतर जहां एक और एक कवि का कोमल और भावुक हृदय विराजता था, वहीं  दूसरी ओर एक  राजनेता के रूप में वह कठोर से कठोर निर्णय लेने से भी पीछे नहीं हटते थे। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता को सबसे ऊपर रखा और देश को विश्व पटल पर एक सक्षम परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित किया।
वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि भारत रत्न, भारतीय जन संघ की स्थापना करने वाले महान पुरुष, भारत माँ के सच्चे सपूत, राष्ट्रीय स्वयं सेवक के प्रचारक, भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न राष्ट्र बनाने वाले, महान कवि, हमारे प्रेरणा स्रोत, यशस्वी माननीय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपयी जी का निधन का समाचार सम्पूर्ण देश के लिए बेहद दुखद है। उनका हमारे बीच न होना हमारे लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अटल जी को सह््रदय भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका आदर्श जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगा।
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के निधन को देश के लिये अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ ही इसमें उल्लेखनीय सुधार किये। राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ ही ग्रामीण सड़कों के निर्माण को उन्होंने नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि वे भारतीय राजनीति के पुरोधा, जन-जन के नायक थे। उन्होंने अटल जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका निधन एक युग का अन्त है, उनके द्वारा स्थापित उच्च राजनैतिक आदर्श हम सब के लिए प्रेरणा का काम करते रहेंगे।
इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, श्री यशपाल आर्य, श्री अरविन्द पाण्डेय, राज्यमंत्री श्रीमती रेखा आर्य एवं डॉ. धन िंसंह रावत ने भी पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को देश के लिये अपूरणीय क्षति बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *