सनक गए कांग्रेस के नेता : भाजपा

देहरादून। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष अजय भट्ट ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के नेता सनक गए हैं। इसलिए अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेता किशोर उपाध्याय के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से भ्रमित हो गयी है। उनके नेता अब राजनीतिक मर्यादाओं के साथ सामान्य शिष्टाचार को भी भूल गये हैं। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी अपने बल पर मेजर जनरल के पद तक पहुंचे है न कि किसी सिफारिश से। सेना में कोई सिफारिश नहीं चलती है, वहां के कठोर नियम होते हैं। खंडूड़ी ने भूतल परिवहन मंत्री का पद ग्रहण कर पूरे देश में अपनी योग्यता दिखाई है। उत्तराखंड की सभी सड़कें एवं पुल जो आज राष्ट्रीय राजमार्ग बने हैं। ये खंडूड़ी की ही देन हैं। पूरे भारत में स्वर्णिम चतुभरुज का निर्माण कर खंडूड़ी ने इतिहास रचा और पूरे देश ने उन्हें शेरशाह सूरी की उपाधि से नवाजा। भट्ट ने कहा कि जो समाज एवं देश के लिए आदर्श हैं उनके बारे में कांग्रेस द्वारा असहिष्णु बयान कांग्रेस की विकृत मानसिकता का प्रतीक हैं। उन्होंने सरकार द्वारा समस्त विभागों में सभी प्रमाण पत्रों को स्व-प्रमाणित करने सम्बन्धी आदेश की सराहना करते हुए कहा है कि अब रजिस्ट्री इत्यादि में भी स्वयं ही प्रमाण पत्रों को प्रमाणित करने से एक बहुत बड़ी समस्या का समाधान हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *