सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने बनाई योजना

देहरादून। कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार व राज्य की त्रिवेंद्र सरकार को घेरने के लिए आने वाले दिनों में बड़े अभियान चलाने की योजना बनाई है। इस अभियान के तहत आगामी 29 जनवरी को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मोहब्बेवाला तक एक साइकिल रैली निकालकर केंद्र और प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लेने की तैयारी है। पार्टी क्रमवद्ध तरीके से सरकार विरोधी कई आयोजन करने की तैयारी भी कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि देश में भाजपा की सरकार आने के बाद पूरा देश जीएसटी, नोटबंदी, महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थो पदाथोर्ं के निरंतर बढ़ते दामों से त्रस्त है। कांग्रेस इन्हीं सबको लेकर के केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों को जनता के सामने बेनकाब करेगी। कांग्रेस सरकार की घेराबंदी के लिए किसानों की ऋणमाफी को भी मुद्दा बनाएगी। उन्होंने बताया कि फरवरी में एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से कांग्रेस के लोग शामिल होंगे। धस्माना ने दो टूक शब्दों में कहा कि डबल इंजन सरकार का एक इंजन सिर्फ राज्यों के चुनावों में लगा हुआ है जबकि दूसरा इंजन तो स्टार्ट ही नहीं हुआ। ऐसे में भाजपा की सरकारों के कार्यकाल में पूरे देश का भविष्य गर्त में जाने की आशंका बढ़ रही है। कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि राज्य सरकार ने भाजपा कार्यालय में जो जनता दरबार लगाया है वह वहां पहुंचने वाले लोगों को भाजपा की सदस्यता संख्या में दिखाने की साजिश है। मंत्रियों के इस जनता दरबार में जनता की समस्याओं के निवारण के नाम पर लोगों से सिर्फ छलावा हो रहा है।
धस्माना ने सरकार से मांग की है कि जनता दरबार की शुरुआत से प्रकाश पांडे की मौत तक की अवधि में सरकार यह बताए कि इस जनता दरबार में कितनी समस्याएं आई, कितने का समाधान हुआ। उन्होंने मांग कि इस पर श्वेत पत्र जारी किया जाए। धस्माना ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गेहूं और चावल महंगा कर दिया है वहीं कंट्रोल की चीनी की आपूर्ति बंद कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *