देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न, स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयन्ती पर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी सर्वश्रेष्ठ वक्ताओं में शामिल हैं। उनके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि था। श्री वाजपेयी एक ऐसे महान वक्ता थे, जिन्हें समाज के सभी वर्गों के लोग प्यार और आदर करते थे।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी दूरगामी सोच, कविताओं, पोखरण टेस्ट, कारगिल में भारत को मिली जीत और अंतर्राष्टीय स्तर पर भारत का कद बढाने के लिये हमेशा याद किया जायेगा। उनमें सभी को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता थी। स्व. अटल जी के नेतृत्व में भारत वर्ष ने अपनी नयी पहचान बनाई और देश ने 21 वीं शताब्दी में मजबूती से कदम आगे बढ़ाया। अटल जी उत्तराखण्ड राज्य के प्रणेता हैं। उन्होंने न केवल उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण किया बल्कि इसके विकास के लिए आधार भी तैयार किया।
श्रद्धेय अटल जी के जन्मदिवस पर अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना प्रारम्भ की जा रही है। इसमें प्रदेश के सभी परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रूपए के कैशलैस ईलाज की सुविधा मिलेगी।