सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सन्देशों के प्रसारण पर नजर रखने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सभी जिलाधिकारियों से प्रदेश में प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाये जाने तथा सिन्थेटिक ड्रग की रोकथाम के साथ ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक संदेशों एवं अफवाहों के प्रसारण पर नजर रखने को कहा है। सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस सम्बंध में जनपद स्तर पर किये जा रहे प्रभावी प्रयासों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिये प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाये जाने का निर्णय लिया गया है, इसमें सभी जिलाधिकारी अपना विशेष प्रयास करें। सभी मन्दिरों, मेलों व वाणिज्य प्रतिष्ठानों से इसकी शुरूआत हो, इस सम्बंध में व्यापक जन जागरण पर भी उन्होंने बल दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने युवापीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिये प्रदेश को ड्रग से मुक्त करने के प्रयासों में भी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा और इस सम्बन्ध में भी सख्ती के साथ कार्यवाही करने व जन जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सन्देशों के प्रसारण पर भी नजर रखने निर्देश दिये। इसके माध्यम से विशेषकर महिलाओं के प्रति की जाने वाली अभद्र टिप्पणियों पर त्वरित कार्यवाही की बात उन्होंने कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पर्यावरण की शुद्धता युवाओं के बेहतर भविष्य तथा सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिये समेकित प्रयासों एवं प्रभावी पहल की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *