हजारों भक्तों के सैलाब के बीच हुआ झंडाजी का आरोहण

देहरादून। झंडे जी का आरोहण के साथ ही देहरादून का प्रसिद्ध झंडा मेला शुरू हो गया। हजारों भक्तों के सैलाब व जयकारों के बीच झंडाजी का आरोहण हुआ। दरबार साहिब में उदासीन परम्परा के योगी गुरु राम राय के जन्मोत्सव के मौके पर श्री महंत देवेंद्र दास की अगुवाई में झंडा साहब से पुराने गिलाफ को उतारकर नया गिलाफ चढ़ाया गया।
शाम चार बजकर दस मिनट पर नए झंडा जी का आरोहण पूरा हुआ। आरोहण पूरा होते ही झंडा बाजार, अखाड़ा बाजार, सहारनपुर चौक तक का क्षेत्र गुरु रामराय व झंडा साहिब के जयकारों से गूंज उठा। घरों की छत, झंडा व दरबार साहिब में मौजूद श्रद्धालु इस पल के गवाह बने। नये झंडे जी को दूध, दही, मक्खन, शक्कर और पंचामृत से स्नान करवाया गया। झंडा साहिब को स्नान करवाने के लिए भक्तों में होड़ लगी रही। इससे पहले दोपहर साढ़े 12 बजे से भक्तों ने झंडा साहिब का पूजन किया। इसके बाद झंडे जी को गिलाफ पहनाने की प्रक्रिया आरंभ हुई।
सबसे पहले मारकीन के बने 40 सादे गिलाफ चढ़ाए गए। इसके बाद मखमली कपड़े से तैयार किए गए सनील के 20 सादे गिलाफ झंडा साहिब को अर्पण किए गए। झंडे जी के सबसे बाहरी आवरण पर सबसे अंत में सुनहरे गोटों से सुसज्जित मखमली दर्शनी गिलाफ चढ़ाया गया। इसके बाद शिखर पर चंवर लगाया गया। महंत देवेन्द्र दास ने रीति रिवाज पूर्वक पूजन के बाद संगतों को झंडा आरोहण शुरू करने का निर्देश दिया। लकड़ी से बनी चार कैंचियों व चार मोटे रस्सों की मदद से जैसे ही 90 फुट ऊंचा झंडा ऊपर उठना शुरू हुआ चारों ओर गुरु राम राय महाराज के जयकारे गूजंने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *