क्षेत्रवासियों में रोष, सीएम ने जताया दुख
देहरादून। जनपद देहरादून के गढ़ी कैंट क्षेत्र में अंग्रेजों के जमाने का बना लोहे का पुल ढह गया। हादसे में जहां दो लोगों की मौत हो गयी, वही तीन अन्य घायल हो गये। उधर पुल टूटने के बाद से क्षेत्र की जनता में शासन-प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त हो रखा है।
जनपद देहरादून के गढ़ी कैंट क्षेत्रान्तर्गत वीरपुर में शुक्रवार सुबह करीब 115 साल पुराना लोहे का पुल पुल टूट गया। कैंट पुलिस को पुल ढहने की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से करीब 5.30 बजे मिली। सूचना मिलते ही थाना कैंट से तत्काल पुलिस बल मय रेस्क्यु उपकरणों के मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों व आर्मी के जवानों की सहायता से 100 फ़ीट गहरी खाई से तीन लोगों को रेसक्यू कर सिनर्जी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जाता है कि जिस समय यह हादसा हुआ उस वक्त पुल से रेत से भरा डंपर गुजर रहा था, जबकि डंपर के पीछे दो बाइक होने की बात कही जा रही है। इसी दौरान पुल टूट गया।
इस दौरान मोटर साइकिल सवार प्रेम थापा (40) पुत्र तारा थापा निवासी डाकरा गढ़ी कैंट देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उपचार के दौरान मोटर साइकिल धन बहादुर थापा (54 वर्ष) पुत्र आरएस थापा निवासी बानगंगा बीरपुर देहरादून की मौत हो गयी। समाचार लिखे जाने तक घायल शाहरूख (24 वर्ष) पुत्र शगीर हसन निवासी ढकरानी, विकासनगर व जुल्फान (20 वर्ष) पुत्र मंजूर हसन ढकरानी विकासनगर, जो कि डंपर में सवार थे, का सिनर्जी अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक की पहचान नहीं हो पाई है। उधर पुल टूटने के बाद से क्षेत्र की जनता में शासन-प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त हो रखा है।
क्षेत्रवासियों ने रोष जताते हुए कहा कि पुल ठीक करने को लेकर कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन इस दिशा में उन्होंने आंखे मूंदे रखी, जिसके चलते आज यह हादसा हो गया। उधर सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने देहरादून में बीरपुर पुल के गिरने की घटना पर गहरा दुःख जताया। उन्होंने कहा कि घटना में मृतकों की आत्मा की शांति व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्यलाभ की कामना करता हूं। पुलिस, आर्मी के जवान रेस्क्यू में जुटे हैं। एसएसपी व जिला प्रशासन घटना पर नजर बनाए हैं।