देहरादून। आधी अधूरी जानकारी के साथ बैठक में पहुंचे कृषि विभाग के अफसरों को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने न केवल जमकर लताड़ा बल्कि बैठक बीच में ही खत्म कर दी। सुबह 11 बजे के करीब सचिवालय में कृषि विभाग की बैठक शुरू हुई। बैठक में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग के अन्तर्गत संचालित केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पुनर्गठित मौसम आधारित बीमा योजना एंव विभागीय कायरें को लेकर जानकारी लेनी शुरू की। इस बीच अधिकारियों ने एक प्रजेंटेशन शुरू किया, लेकिन वह भी आधी अधूरी जानकारियों से किया जा रहा था। इस पर मुख्यमंत्री भरी बैठक में नाराज हो गये। उन्होंने विभागीय सचिव सहित कृषि निदेशक व अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगायी। अधिकारियों की लापरवाही देख तमतमाये मुख्यमंत्री ने तत्काल बैठक खत्म करते हुए सख्त नाराजगी जतायी। उन्होंने अधिकारियों को आड़े हाथ लेते हुए बैठक के लिए नई तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिये और पूरी तैयारी के साथ आने को कहा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता से जुड़े कायरें के प्रति लापरवाही किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। अगली बैठक में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।