उत्तराखंड: इन नेताओं पर दांव खेल सकती है कांग्रेस

देहरादून। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस हाईकमान उत्तराखंड की पांचो सीटो पर करीब-करीब सहमति बना चुका है। प्रदेश की किसी भी सीट पर महिला को तवज्जो नहीं दी जा रही है।
राजनीतिक गलियारों से जो खबरे छन-छन कर आ रही है, उस पर यदि विश्वास किया जाए तो लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशियों का अंतिम चयन पूरा हो गया है। प्रदेश की पांचों सीटों पर करीब-करीब आलाकमान सहमति बना चुका है। कांग्रेसी सूत्रों की बात को यदि माना जाए तो टिहरी लोकसभा सीट से प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का नाम फाइनल हो गया है। इस सीट पर पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व मंत्री शूरबीर सिंह सजवाण की ओर से भी दावेदारी की गयी थी।
इसी तरह हरिद्वार सीट से पूर्व सीएम हरीश रावत का टिकट पक्का होने की खबर है। यहां से ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, संजय पालीवाल व विधायक काजी निजामुद्दीन सहित कुछ अन्य की दावेदारी थी। सूत्रो का कहना है कि अल्मोड़ा सीट पर कांग्रेस ने राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा को ही उतारने का मन बनाया है। इस सीट पर प्रदेश सचिव व महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा टम्टा, गीता ठाकुर व पूर्व मंत्री सुरेश आर्य की ओर से भी प्रबल दावेदारी की गयी है।
इसी तरह नैनीताल सीट पर महेन्द्र पाल का नाम फाइनल बताया जा रहा है। यहां से पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा, नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश, राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी की ओर से दावेदारी की गयी है। जहां तक सवाल इस समय सबसे हाट बनी गढ़वाल सीट का है, तो  यहां भाजपा नेता बीसी खंडूड़ी के बेटे मनीष खंडूड़ी की ज्वाइनिंग के बाद उनका ही टिकट तय बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *