देहरादून। राज्य आय अनुमान मुख्य रूप से वित्तीय वर्ष में राज्य के भौगोलिक क्षेत्रफल के अन्दर वर्ष में उत्पादित कुल वस्तुओं एवं सेवाओं का सकल मूल्य ( दोहराव के बिना ) होता है। इसका आंकलन आधार वर्ष (जिसके सापेक्ष वृद्धि/विकास परिलक्षित हो सके), तत्पश्चात्, इसी आधार वर्ष के आधार पर आगामी वर्षों में राज्य आय अनुमान आगणित किया जाता है। प्रमुखतः 4 प्रकार के अनुमान तैयार किये जाते है।
1- प्रचलित भाव पर राज्य सकल घरेलू उत्पाद (अर्थव्यवस्था का आकार)
2- स्थायी भाव पर राज्य सकल घरेलू उत्पाद (आर्थिक वृद्धि दर)
3- प्रचलित भाव पर राज्य निवल घरेलू उत्पाद ( प्रति वर्ष प्रति व्यक्ति आय)
4- स्थायी भाव पर राज्य निवल घरेलू उत्पाद
उपरोक्त 4 अनुमानों पर आधारित निम्न 2 संकेतक अत्यन्त महत्वपूर्ण हैः-
5- प्रति व्यक्ति आय – यह प्रति व्यक्ति आय संदर्भित वर्ष का प्रचलित भाव पर निवल घरेलू उत्पाद को वर्ष की अनुमानित जनसंख्या से विभाजित कर, ज्ञात किया जाता है।
6- आर्थिक वृद्धि/विकास दर – यह गत वर्ष के सापेक्ष संदर्भित वर्ष का स्थायी भाव पर सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि होती है, जो वास्तविक उत्पादकता में वृद्धि को परिलक्षित करती है। यह आधार वर्ष के भावों पर आगणित की जाती है।
राज्य में उक्त अनुमानों को तैयार करने का दायित्व अर्थ एवं संख्या निदेशालय, नियोजन विभाग द्वारा किया जाता है। निदेशालय द्वारा 10, अगस्त 2018 को नवीन आधार वर्ष 2011-12 के आधार पर अनुमान जारी किये गये थे, जिसमें वर्ष 2011-12 से 2015-16 तक के अन्तिम आँकड़ें, वर्ष 2016-17 के पुनरीक्षित आँकड़े तथा वर्ष 2017-18 के अनन्तिम आँकड़े अनुमानित थे। अर्थ एवं संख्या निदेशालय द्वारा विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में उपलब्ध नवीन आंकड़ों, राज्य सरकार के कृषि निदेशालय द्वारा उपलब्ध कराये गये कृषि आंकड़ें, राज्य के बजट विश्लेषण, निगमित व अनिगमित क्षेत्रों व निजी क्षेत्रों से उपलब्ध नवीन आंकड़ों के आधार पर तैयार किये जाते हैं। वर्ष 2016-17 व 2017-18 के अनुमानों को संशोधित किया गया है।
वर्ष 2016-17 के अनन्तिम (तृतीय पुनरीक्षित) आंकड़ें, वर्ष 2017-18 के अनन्तिम (द्वितीय पुनरीक्षित) आंकड़ें तथा वर्ष 2018-19 के प्रथम अग्रिम आंकड़े जारी किये जा रहें हैं, जिनका संक्षिप्त विवरण निम्नानुसार हैः-
1- प्रचलित भाव पर आधारित अनुमान
प्रचलित भाव के आधार पर वर्ष 2018-19 में राज्य सकल घरेलू उत्पाद (अग्रिम अनुमान) ₹ 237147 करोड़ अनुमानित है (अर्थव्यवस्था का आकार), जो कि वर्ष 2017-18 की तुलना में 10.34 प्रतिशत की वृद्धि प्रदर्शित करता है। वर्ष 2017-18 में राज्य सकल घरेलू उत्पाद अनन्तिम अनुमान ₹ 214933 करोड़ अनुमानित है। प्रचलित भाव के आधार पर वर्ष 2018-19 में राज्य निवल घरेलू उत्पाद (अग्रिम अनुमान) ₹ 212433 करोड़ अनुमानित है, जो कि वर्ष 2017-18 की तुलना में 10.43 प्रतिशत की वृद्धि प्रदर्शित करता है। वर्ष 2017-18 में राज्य निवल घरेलू उत्पाद अनन्तिम अनुमान ₹ 192364 करोड़ अनुमानित है।
2- स्थायी भावों पर अनुमान ( वर्ष 2011-12 )
स्थायी भाव के आधार पर वर्ष 2018-19 में राज्य सकल घरेलू उत्पाद ( अग्रिम अनुमान) ₹ 184902 करोड़ अनुमानित है, जो कि वर्ष 2017-18 की तुलना में 7.03 प्रतिशत की वृद्धि अनुमानित है, जो कि राज्य की विकास दर को परिलक्षित करता है। वर्ष 2017-18 में राज्य सकल घरेलू उत्पाद अनन्तिम अनुमान ₹ 172753 करोड़ अनुमानित है। स्थायी भाव के आधार पर वर्ष 2018-19 में राज्य निवल घरेलू उत्पाद (अग्रिम अनुमान) ₹ 164067 करोड़ अनुमानित है, जो कि वर्ष 2017-18 की तुलना में 6.88 प्रतिशत की वृद्धि अनुमानित है। वर्ष 2017-18 में राज्य निवल घरेलू उत्पाद अनन्तिम अनुमान ₹ 153505 करोड़ अनुमानित है।
3- प्रति व्यक्ति आय
प्रचलित भाव के आधार पर राज्य निवल घरेलू उत्पाद के आधार पर वर्ष 2018-19 में राज्य की प्रतिवर्ष प्रति व्यक्ति आय ₹ 1,90,284 (अग्रिम अनुमान) व वर्ष 2017-18 में ₹ 1,74,622 (अनन्तिम अनुमान) रूपये अनुमानित की गयी है।
भारत तथा उत्तराखण्ड का तुलनात्मक विवरण
भारत उत्तराखण्ड
आधार वर्ष (2011-12) आधार वर्ष (2011-12)
मद 2016-17 2017-18 2018-19 2016-17 2017-18 2018-19
आर्थिक विकास 7.1 6.7 7.2 5.91 6.82 7.03
दर (प्रतिशत में)
प्रति व्यक्ति 1,03,870 1,12,835 1,25,397 1,58,112 1,74,622 1,90,284
आय (रूपये में)