उत्तराखंड : गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने का संकल्प पारित

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा ने बुधवार को सर्वसम्मति से गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने का संकल्प पारित किया। यह संकल्प केंद्र को भेजा जाएगा। इस तरह से गाय को राष्ट्रमाता का संकल्प पारित करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया। उत्तराखंड की पशुपालन मंत्री रेखा आर्य ने इस संकल्प को सदन के पटल पर रखा हालांकि कांग्रेस की ओर से कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी आए। कांग्रेस की नेता इंदिरा हृदयेश और प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड सहित 20 राज्यों में गौ संरक्षण को लेकर कानून बना हुआ है। बावजूद मीडिया में खबरें आती रहती हैं कि गाय को भोजन नहीं मिला जिससे उसकी मौत हो गई। कांग्रेस के नेताओं की यह दलील दी कि उत्तराखंड पहले गौ माता की रक्षा करे। जो वर्तमान में नहीं हो पा रही है। यदि उत्तराखंड की ओर से गाय को राष्ट्रमाता के दर्जा दिए जाने को लेकर संकल्प पारित किया जा रहा है तो कम से कम गाय की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है। इसके पहले पशुपालन मंत्री रेखा आर्य ने गाय की उपयोगिता का वर्णन किया और कहा कि इसके धार्मिक और आर्थिक महत्व से पूरा देश वाकिफ है। वैज्ञानिक भी गाय की गुणवत्ता को स्वीकार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *