देहरादून/पिथौरागढ़। उत्तराखंड की धरती रविवार को भूकम्प के झटको से डोल उठी। प्रदेश में जनपद पिथौरागढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में भूकंप के झटके दो बार महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5 मापी गई। भूकंप से अभी तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आज दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिले के अधिकांश क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहला झटका करीब 12: 38 मिनट पर महसूस किया गया। इसके बाद 12:45 बजे दोबारा तेज झटके महसूस हुए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5 मापी गई। भूकंप का केंद्र नेपाल बताया गया है और इसकी गहराई 10 किलोमीटर तक थी। भूकंप के झटके आने के बाद से लोग अपने घर से सुरक्षित स्थानों पर निकल गए। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार केवल एक बार ही भूकंप महसूस हुआ। जबकि लोगों का कहना है कि दोबारा भी झटके महसूस हुए हैं। आपदा नियंत्रण विभाग के अनुसार अभी तक कहीं भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।