उत्तराखंड: यहां के लिए आंतरिक हवाई सेवा की शुरूआत

देहरादून। राज्य में सस्ती हवाई सेवा की औपचारिक शुरुआत आज से हो गई है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने देहरादून से पिथौरागढ़ जाने वाली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत सोमवार को राजधानी देहरादून से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के बीच पहली आंतरिक हवाई सेवा की शुरुआत हो गई है,  जिसमें प्रति यात्री किराया महज 1570 रुपए तय किया गया है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा को झंडी दिखाकर रवाना किया। पहली बार व्यवसायिक तौर पर शुरू की गई इस हवाई सेवा में कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, अजय भट्ट और पुष्कर सिंह धामी जौली ग्रांट से पिथौरागढ़ के लिए रवाना हुए।
जौली ग्रांट एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड में रिच कम्युनिकेशन सर्विसेज (आरसीएस) के तहत यह पहली उड़ान है। 24 अक्टूबर से नियमित उड़ाने शुरू की जाएंगी। शुरुआत में एक ही उड़ान रहेगी, रिस्पांस मिलने पर दो उड़ाने शुरू की जाएंगी। इस उड़ान में प्रति व्यक्ति किराया 1580 रुपये रखा गया है। उद्घाटन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हरिद्वार सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक पुष्कर सिंह धामी सहित अनेक प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
इससे पूर्व गृहमंत्री राजनाथ सिंह सीमा सुरक्षा बल के विशेष विमान से जौलीग्रांट पहुंचे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद भगत सिंह कोश्यारी, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत, सतपाल महाराज, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने गृह मंत्री का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *