देहरादून। गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने से हरियाणा से आये 30 पर्यटक टापू में फंस गये। इन सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट में गंगा की मुख्य धारा व कृत्रिम धारा के बीच में पानी को कम देखकर हरियाणा के करीब 30 पर्यटक बीच टापू में चले गये, जिनमें से कुछ पूजा-पाठ करने लगे। बताया जाता है कि दोपहर करीब 1.30 बजे अचानक गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा, जिसके चलते यह सभी 30 पर्यटक टापू में फंस गये। एक 30 वर्षीय महिला और उसका 5 वर्षीय पुत्र धारा में बहने लगे। जल पुलिस ने महिला और उसके पुत्र को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद रस्सियों और लाइफ जेकेट की मदद से करीब एक घंटा रेस्कयू चलाकर टापू में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जल पुलिस की टीम में मनोज आर्य, महावीर सिंह नेगी, हरीश गुसाईं, मुकेश गौड़, अनिल चौधरी आदि शामिल रहे।