एक बार फिर फिसल गई शिक्षा एवं खेल मंत्री की जुबान

देहरादून। विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले शिक्षा एवं खेल मंत्री अरविंद पाण्डे की सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में एक बार फिर जुबान फिसल गई। इस बार उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में निर्मित आइस स्केटिंग रिंक की गुणवत्ता पर ही सवाल उठा दिया। प्रेस से मिलिए कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आक्रोश में रायपुर स्थित आइस स्केटिंग रिंक की बदहाली से जुड़े सवाल पर काफी कुछ कह दिया। उन्होंने एक सवाल के जबाव में कहा कि यह रिंक उसे बनाने वालों का मकबरा है। इसे राज्य या खिलाड़ियों के हित में नहीं बनाया गया। बल्कि भ्रष्टाचार के लिए बनाया गया। आज इस रिंक की दशा देख कर मन बेहद दुखी होता है। मकबरा पर मीडिया ने पूछा कि यह रिंक तो पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में बना था और उस वक्त के खेलमंत्री ने इसे रुचि लेकर बनवाया था। इस पर मंत्री को अपनी भूल समझ आई और तत्काल बात को संभालते हुए कहा कि यह मेरी व्यक्तिगत टीस थी। मैंने यह बात उन भ्रष्ट अफसरों के लिए कही है, जिन्होंने ऐसा प्रोजेक्ट तैयार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *