देहरादून। छावनी परिषद क्लेमेंटाउन के अंतर्गत बिंदाल नदी से सटे जिस क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट घोषित किया उस पर भूमाफिया की नजर लगी हुई है। बताया जा रहा है कि भूमाफिया नदी किनारे कब्जा कर नदी का स्वरूप बिगाड़ रहे हैं। पिछले एक माह से नदी किनारे अवैध कब्जों की संख्या बढ़ गई है। ऐसा नहीं कि कैंट बोर्ड व जिला प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है। क्षेत्रवासियों की शिकायत मिलने व जानकारी होने के बाद भी प्रशासन चुप्पी साधकर बैठा है।छावनी परिषद क्लेमेंटाउन के उपाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पिछले एक माह से मोरोवाला, भारूवाला व चानचक के निकट बिंदाल नदी के किनारे तारबाड़ कर अवैध कब्जा किया जा रहा है। क्षेत्रवासी कई मर्तबा अवैध कब्जों का विरोध कर चुके हैं। जिलाधिकारी को भी पत्र भेजकर इसकी शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अभी तक अवैध कब्जे रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि भूमाफिया को कहीं न कहीं सरकारी संरक्षण मिला हुआ है। क्लेमेंटाउन छावनी के मुख्य अधिशासी अधिकारी को भी नदी किनारे हो रहे अवैध कब्जे की जानकारी दी गई थी। लेकिन कैंट बोर्ड ने भी कोई कार्रवाई अब तक नहीं की है।