देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। भाजपा के एक कार्यकर्ता ने प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के निजी सचिव ओमप्रकाश तिवारी, महानगर अध्यक्ष युवा मोर्चा श्याम पन्त समेत तीन लोगों पर मारपीट और यौनाचार करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। अपने आरोपों को लेकर पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी है।
मामले में युवा प्रकोष्ठ के एक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया है कि 11 मई को उसके साथ देहरादून के महानगर कार्यालय में बेरहमी से मारपीट की गई। उसे आरोपितों ने लात घूसों और लाठी डण्डों से बुरी तरह से मारा है, जिससे उसका सिर फट गया और आंख पर भी गहरी चोट आई है। इस चोट की वजह से उसे दिखना भी बंद हो गया है। उसका आरोप है कि आरोपितों ने उसे कैमरे के आगे खड़ा किया और अपने मनमाफिक शब्दों को बोलने के लिए कहा। आरोपितों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने आरोपितों की बात नहीं मानी और किसी को इस बारे में बताया तो उसके साथ यौनाचार करेंगे। इतना ही नहीं आरोपितों ने उसे बीच सड़क गोली मारने की धमकी भी दी है। आरोप है कि पुराने विवाद के बाद दोनों उससे रंजिश रखने लगे थे और एक रोज मारपीट कर उसका फोन छीन लिया था। घटना वाले दिन आरोपितों ने उसे फोन वापस करने के बहाने ही महानगर कार्यालय बुलाया था। अपना मेडिकल करवाने के बाद पीड़ित किशोर ने आरोपितों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है।