खाई में गिरी उत्तराखंड रोडवेज की बस

देहरादून। उत्तरकाशी से हरिद्वार जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस गुरुवार की सुबह टिहरी जिले के चंबा में 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 14 लोगों की मौत की सूचना है और 17 यात्री घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। राज्य सरकार ने हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।
बताया गया कि हादसा सुबह करीब आठ बजे चंबा-धरासू मोटर मार्ग पर सुल्याधार के पास हुआ। उत्तराखंड परिवहन निगम की बस संख्या यूके 07 पीए 1929 का चालक नियंत्रण खो बैठा और बस करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया गया कि 40 सीटर बस में 31 लोग सवार थे। यह बस भटवाड़ी से हरिद्वार जा रही थी। हादसे की खबर सुनते ही जिलाधिकारी सोनिका व एसएसपी योगेंद्र रावत पहुंचे पहुंच गए। वहीं आपदा प्रबंधन टीम घटना के डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। रेस्क्यू टीम के आने से पहले पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कार्य किया। घायलों को टिहरी के मसीहा अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर घायलों को हेलीकाप्टर की मदद से ऋषिकेश एम्स व हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट भेजा गया है। बता दें कि पिछले दिनों उत्तराखंड के ही पौड़ी गढ़वाल जिले में भी एक भीषण बस हादसा हुआ था, जिसमें 45 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुआवजे का एलान
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये एवं घायलों को 50-50 हजार रूपये की राशि अविलम्भ्ब उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने जनपद टिहरी गढ़वाल के चम्बा उत्तरकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग पर किरगनी के पास हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया है। दुर्घटना में मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिल प्रशासन को तत्काल राहत व बचाव कार्य करने व घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर केबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व सुबोध उनियाल दुर्घटना स्थल पर गए और बचाव कार्यों पर नजर रखी। साथ ही हेलीकाप्टर से गम्भीर तौर पर घायलों को एम्स ऋषिकेश लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *