देहरादून। नियुक्ति को लेकर लम्बे समय से प्रतीक्षा कर रहे गेस्ट टीचरों के लिए अच्छी खबर है। शिक्षा विभाग गढ़वाल मंडल में 488 पदों पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति करने जा रहा है। वर्तमान में मंडल के माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 488 पद रिक्त हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति राज्य स्तर पर बनने वाली मेरिट के आधार पर होगी। जनपद चमोली में सहायक अध्यापक (एलटी) के 70, उत्तरकाशी में 50, पौड़ी में 125, हरिद्वार में 57, रुद्रप्रयाग में 63, टिहरी में 97 और देहरादून में 26 पद रिक्त हैं। शिक्षा विभाग इन रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में शिक्षा विभाग जुट गया है। इन पदों पर आनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे। अपर निदेशक गढ़वाल मंडल माध्यमिक महावीर सिंह बिष्ट ने बताया कि गढ़वाल मंडल के मा. विद्यालयों में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, संस्कृत, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला व व्यायाम विषयों में 488 रिक्त पद हैं।