गांधी जी के सत्य व अहिंसा के सिद्वांत आज भी प्रासांगिक : मुख्यमंत्री

CM ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व PM स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री व उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के शहीदों को अर्पित की श्रद्वांजलि
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गांधी जयंती के पावन अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि गांधी जी के सत्य व अहिंसा के सिद्वांत आज भी प्रासांगिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने आचरण में अंहिसा का भाव जागृत करने के साथ ही मानवता के प्रति करूणा का भाव पैदा करना होगा। यही हमारी उस महान व्यक्ति के प्रति सच्ची श्रद्वांजलि होगी।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि आज भी महात्मा गांधी विश्व पटल पर शांति और अहिंसा के प्रतीक है। पूरा देश इस वर्ष गांधी जी की 150वीं जयंती मना रहा है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2007 से गांधी जी की जयंती को ‘‘विश्व अहिंसा दिवस‘‘ के रूप में मनाया जा रहा है। महात्मा गांधी की लोकप्रियता इससे भी परिलक्षित होती है कि भारत में अंग्रेजी राज सत्ता के विरूद्ध संघर्ष करने वाले गांधी जी की प्रतिमा लन्दन की संसद के बाहर स्थापित की गई है।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि स्वच्छ भारत महात्मा गांधी का सपना था। राज्य सरकार द्वारा स्वच्छता के लिए प्रदेश को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के अभियान की शुरूआत की गई है, आमजन को भी इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत बुधवार 02 अक्टूबर, 2019 को पूर्वाहन 9 बजे गांधी पार्क, देहरादून में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को अर्पित की श्रद्वांजलि 
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्वांजलि अर्पित की है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि शास्त्री जी ने ‘जय जवान जय किसान‘ का नारा देकर देश को संकट के समय स्वाभिमान और एकजुटता के साथ मजबूती से खड़े होने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी के सिद्वांत एवं आदर्शों का अनुसरण कर हम देश और प्रदेश को उन्नति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी, सत्यनिष्ठा, लगन, नैतिकता व राष्ट्र के प्रति समर्पण की जो अद्भुत मिसाल कायम की, वह हम सबके लिए प्रेरक है। शास्त्री जी का व्यक्तित्व व कृतित्व देश की युवापीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के शहीदों का CM ने किया स्मरण, अर्पित की श्रद्वांजलि 
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों का भावपूर्ण स्मरण कर श्रद्वांजलि अर्पित की है। मुजफ्फरनगर कांड(रामपुर तिराहा) की बरसी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर शहीदों की कुर्बानियों को सदैव याद रखा जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य को देश का आदर्श राज्य बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा, ताकि हम राज्य आन्दोलन के शहीदों के सपनों के अनुरूप प्रदेश का चहुंमुखी विकास कर सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य आन्दोलनकारियों के कल्याण के लिए वचनबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत बुधवार 02 अक्टूबर, 2019 को पूर्वाह्न 9.30 कचहरी स्थित शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, तत्पश्चात पूर्वाहन 11ः00 बजे रामपुर तिराहा, मुजफ्फरनगर स्थित शहीद स्मारक जायेंगे। जहां वे उत्तराखण्ड निर्माण के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्वाजंलि अर्पित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *