देहरादून। प्रदेश के गेस्ट टीचरों के लिए खुशखबरी है। गेस्ट टीचरों के कार्यकाल को बढ़ाने पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की ओर से शुक्रवार को हरी झंडी मिल गई है। इस बात की जानकारी उच्च शिक्षा मंत्री डा.धन सिंह रावत ने ने दी।
दरअसल शुक्रवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में जनता दरबार में गेस्ट टीचर आये थे और उनकी मांग थी कि उन्हें कालेजों से नहीं हटाया जाए। डा.धन सिंह ने कहा कि जब तक लोक सेवा आयोग से शिक्षक नहीं मिल जाते तब तक गेस्ट टीचरों को नहीं हटाया जाएगा। इस तरह कालेज में पढ़ाने वाले शिक्षकों को अब राहत मिल गई है। गेस्ट टीचरों को यह भी हिदायत दी गई है कि वे कालेज में पढ़ाई के माहौल का कायम रखें। डा.रावत ने कहा कि प्रदेश भाजपा मुख्यालय में कुछ महिलाएं भी आई थीं। इन महिलाओं की मांग थी कि बतौर राज्य आंदोलनकारी उनकी पहचान की जाए। डा.रावत के मुताबिक असल में महिलाएं राज्य आंदोलनकारी के लिए निर्धारित वर्तमान मानक को ज्यादा से ज्यादा शिथिल करने की मांग कर रहीं थीं। इसके पहले प्रदेश भाजपा मुख्यालय में करीब 150 फरियादी पहुंचे थे। डा.रावत ने सभी की समस्याएं सुनी और समाधान भी किया। ज्यादातर समस्याएं आर्थिक मदद और अतिक्रमण को लेकर थी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी उर्बादत्त भट्ट ने बताया कि शुक्रवार को काफी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि लोग चाहते हैं कि जनता दरबार नियमित लगे। भट्ट ने कहा कि सरकार भी इस दिशा में प्रयास कर रही है।