देहरादून। उत्तरकाशी जनपद के न्यू हॉली लाईफ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 38 छात्र-छात्राओं को विधानसभा भवन व मंत्रियों के दफ्तरों को करीब से देखने का मौका मिला। दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बच्चे देहरादून पहुंचे थे।
अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत छात्रों ने विधानसभा को नजदीक से देखा। बच्चों को विधानसभा में प्रवेश के लिए गहन चेकिंग के साथ ही अन्य बातों की जानकारी भी दी गयी। छात्र-छात्राओं को सभा मण्डप भी दिखाया गया कि कैसे यहां विभिन्न क्षेत्रों से चुन कर आये विधायक अपने क्षेत्र के विकास के लिये र्चचा परिर्चचा करते हैं। उन्हें सदन की कार्यवाही के विषय में बारीकी से बताया गया। विधानसभा के प्रधान रक्षक सन्तन सिंह चौहान ने बच्चों को सदन की कार्यवाही और पक्ष और विपक्ष के बैठने के स्थान के साथ ही स्पीकर के द्वारा सदन की कार्यवाही की जानकारी दी गयी। पहली बार सूदूरवर्ती क्षेत्र से आये स्कूली छात्रों ने विधानसभा को नजदीक से देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय की प्रबन्धिका गायत्री बहुगुणा ने बताया कि विद्यालय द्वारा भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उन जगहों से रूबरू करवाना है जिन्हें देखकर छात्र-छात्राएं अपने बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष के निजी सचिव राजेन्द्र बिष्ट, प्रवीन जोशी, विनोद काण्डपाल एवं विद्यालय के अध्यापकगण रविन्द्र बर्थवाल, मनबीर रावत, मधु रतूड़ी, शशि वेलवाल सहित विद्यालय के कर्मी मौजूद थे।