देहरादून। पौराणिक टपकेश्वर महादेव मंदिर के नए महंत 108 कृष्णा गिरि महाराज बनाए गए हैं। सोमवार को महामंडलेश्वरों, महंतों व संतों की मौजूदगी में कृष्णा गिरि महाराज को मंदिर का छठा महंत घोषित किया गया। गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को ब्रrालीन श्री श्री 108 महंत माया गिरी महाराज के षोडषी भंडारा का आयोजन किया गया। इस मौके पर देश के विभिन्न स्थानों से आये महामंडलेश्वरों, महंतों व संत महात्माओं ने शिरकत कर ब्रrालीन श्री श्री 108 महंत माया गिरी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर संत महात्माओं ने मायागिरी महाराज के साथ बिताये समय को साझा किया। इससे पहले मंदिर परिसर में मायागिरि महाराज की समाधि पर विधि-विधान से पूजन कर सामूहिक रुद्राभिषेक किया गया। गद्दी महंताई समारोह में टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत 108 महंत कृष्णा गिरि महाराज को नियुक्त किया गया। महामंडलेश्वरों व संतों ने उन्हें मायागिरी महाराज के पदचिह्नों पर चलकर धर्म व संस्कृति के ध्वजवाहक के रूप में काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर गीता भारती, महानिर्वाणी सचिव महंत रविन्द्र पुरी महाराज, महंत रामसेवक गिरी, महंत शिवनारायण पुरी, काशी से आये महंत रविन्द्र गिरि, गिरधर गिरि, महंत गंगा सागर भारती, पुजारी भरत गिरि महाराज, महंत रमन गोस्वामी, श्याम सुंदर गोयल, मनोहर लाल जुयाल, डा. जौहरी लाल, डा. आरके जैन, गोपाल गुप्ता, महेश खंडेलवाल व आध्यात्मिक गुरु योगी बिपिन जोशी आदि मौजूद रहे।