देहरादून। दिव्यांगों के प्रति हमारी अपेक्षाकृत अधिक जिम्मेदारी है। सरकारी योजनाओं के अतिरिक्त सामाजिक भूमिका भी दिव्यांग को मदद दिलाने के लिये महत्वपूर्ण पहल है। दिव्यांगों में आत्मविश्वास का भाव लाना होगा। यह बात नगर विकास मंत्री मदन कौशिक ने अग्रवाल धर्मशाला में फ्री दिव्यांग शिविर के उद्घाटन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को समाज के मुख्य धारा में लाना होगा। इसके लिये सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। समाज सेवा एक कठिन कार्य है लेकिन इससे आत्म संतुष्टि भी मिलती है। समाजिक कार्य भावनात्मक रूप से सामाजिक कार्य हेतु लोगों को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि इस शिविर के लिये मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुभकामनाएं दी है। शुभकामना संदेश में कहा गया है कि सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाएं प्रेरक संदेश देती हैं। ऐसी संस्थाओं को हर प्रकार की संभव मदद दी जाएगी। इस अवसर पर विधायक खजान दास भी उपस्थित थे।