देश में एक ही नारा मोदी-मोदी : योगी आदित्यनाथ

आतंकवाद, नक्शलवाद और देश की सुरक्षा पर कांग्रेस को लिया आड़े हाथ
काशीपुर/रूड़की/देहरादून। आतंकवाद, नक्शलवाद और देश की सुरक्षा पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस देश को संकट में डाल रही है। पार्टी का घोषणापत्र इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश में एक ही नारा है.मोदी-मोदी। इस देश को प्रधानमंत्री मोदी चाहिए। मोदी को ध्यान में रख मतदान करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को एक मौका और दें।
काशीपुर में आयोजित चुनावी रैली में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के कारण ही देश का दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन हुआ। इसके लिए मुस्लिम लीग व कांग्रेस का गठजोड़ जिम्मेदार था। आज राहुल गांधी वायनाड से नामांकन कर रहे हैं और वहां भी कांग्रेस का मुस्लिम लीग से गठबंधन है। ये देश को कहां ले जाएगा ये चिंता का विषय है। कांग्रेस देश के लिए खतरा बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कैसा माहौल पैदा करना चाहती है। उसका चुनावी घोषणापत्र इसका उदाहरण है। इसमें सेना को कमजोर करने की बात है। आतंकवाद, नक्सलवाद के बावजूद कांग्रेस को वोट बैंक की चिंता है। देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को 55 वर्षों की नाकामी का दस्तावेज बताया। विपक्ष ने 55 पन्नों के घोषणा पत्र से देश को तोड़ने का काम किया है। ऐसी पार्टी को जनता सत्ता में लाने के नाम से भी कतरा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का जवान देश की रक्षा के लिए अपनी जवानी की आहुति देता है। आवश्यकता पड़ने पर बलिदान देने से भी नहीं कतराता है। ऐसे में कांग्रेस देशद्रोह और आर्म्ड फोर्स स्पेशल पावर एक्ट ;अफस्पाद्ध को हटाने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि 5 दशको से देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाली पार्टी को उखाड़ फेंकने की जरूरत है।
सीएम योगी आदित्यनथा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में देश के 270 जिले उपद्रव से ग्रसित थे। प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने के बाद आज सिर्फ पांच.छह जिले ही ऐसे हैं। हर नामुमकिन काम को मोदी ने मुमकिन कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि देश में एक ही नारा है.मोदी.मोदी। इस देश को प्रधानमंत्री मोदी चाहिए। भारत का हर नागरिक मोदी के साथ खड़ा है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए प्रधानमंत्री द्वारा सबका साथ सबका विकास करने के नारे को जीवंत बताया। कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के युवा, जवान, किसान, गरीब, माताओं, बहनों को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं।
इस मौके पर पूर्व सांसद बलराज पासी, रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, मेयर ऊषा चौधरी, आशीष गुप्ता, नरेंद्र मानस, खिलेंद्र चौधरी, मोहन बिष्ट, गणेश बाल्मीकि, जसपुर पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, दान सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
उधर, हरिद्वार से भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के समर्थन में रूड़की में आयोजित जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका प्रियंका गांधी वाड्रा पर जोरदार हमला बोला और कहा कि जब सारी दुनिया जानती है कि रामलला अयोध्या में विराजमान है। यहां तक की सुप्रीम कोर्ट में भी यह साबित हो गया है। इसके बावजूद कांग्रेस को अभी भी शक है। उन्होंने साफ कहा कि प्रियंका गांधी ने हिंदू आस्था का अपमान किया है। कांग्रेस के घोषणा पत्र को आतंकवादियों को पोषित करने वाला बताते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र केवल आतंकवादियों को पोषित करने वाला है। देश की जनता को तय करना है कि उन्हें आतंकवादियों का समर्थन करने वाली सरकार चाहिए या आतंकवादियों को जहन्नुम पहुंचाने वाली। आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है। इस देश को प्रधानमंत्री मोदी चाहिए। देश में एक ही नारा है.मोदी-मोदी। उन्होंने कहा कि आज भारत अंतरिक्ष में भी विश्व की चौथी शक्ति बन गया है। योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार से गंगनहर पटरी के दोनों तरफ सड़क का चौड़ीकरण का काम चल रहा है। जिससे शिवभक्तों को इसका लाभ मिलेगा। लोगों को जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। सीधे दिल्ली व उत्तर प्रदेश का रास्ता हरिद्वार से होकर जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण में उत्तराखंड में चुनाव है, इसलिए यहां से 5 सीटें जीताना जनता की जिम्मेदारी है। उत्तर प्रदेश तो 80 की 80 सीटें भाजपा को दे रहा है। इसके अलावा उनका यह भी कहना था कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन का कोई वजूद नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *