देहरादून। दो साल पहले हुई सर्जिकल स्ट्राइक को नमूनाभर बताते हुए भारत के उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल देवराज एन्बु ने साफ कहा कि अगर आगे भी दुश्मन कोई नापाक हरकत करता है तो सर्जिकल स्ट्राइक दोबारा भी की जा सकती है।
शनिवार को इंडियन मिलिट्री एकेडमी में आयोजित पासिंग आउट परेड में बतौर निरीक्षण अधिकारी शिरकत करने पहुंचे उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल देवराज एन्बु ने पत्रकारो से बातचीत के दौरान कहा कि दो साल पहले हुई सर्जिकल स्ट्राइक को नमूनाभर था। इस सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए भारतीय सेना अपनी ताकत का अहसास करा चुकी है। भविष्य में दुश्मन के गलत हरकत करने पर इसे फिर दोहराया जा सकता है। भारतीय सेना में लड़ाकू सैनिक के तौर पर महिलाओं की भागीदारी के बारे में बात करते उन्होंने कहा कि जल्द ही आप उनकी भूमिका में बढ़ोतरी देखेंगे।
सेना में महिलाओं को फ्रंटलाइन कॉम्बैट रोल की जिम्मेदारी देने के सवाल पर उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल देवराज एन्बु ने कहा कि यह एक पूरी प्रक्रिया है। इससे पहले महिलाओं को स्थायी रूप से कमीशन किया जा सके, इस पर विचार किया जा रहा है। हर पहलू पर मंथन कर सोच-समझकर ही कदम उठाया जाना है। कुछ क्षेत्र हैं जहां स्थायी कमीशन की जरूरत है। उन्हें सूचना और मनोवैज्ञानिक युद्ध जैसे क्षेत्रों में शामिल करने पर भी विचार किया जा रहा है। बढ़ती आतंकी घटनाओं और नई युद्ध तकनीक के बीच सैन्य प्रशिक्षण में बदलाव पर उन्होंने कहा कि यह एक सतत प्रक्रिया है। हरेक सैन्य आपरेशन व युद्ध हमें कुछ अनुभव देता है। जिन्हें सैन्य प्रशिक्षण में समाहित किया जाता है।