बुधवार को खुलेगे गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट

देहरादून/उत्तरकाशी। देवभूमि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आगाज बुधवार कोे गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हो जाएगा। उधर केदारनाथ व बद्रीनाथ के कपाट अप्रैल के आखिरी में श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा बुधवार से शुरू हो रही है। बुधवार कोे दोपहर 12:15 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट और गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 1.15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 29 अप्रैल और 30 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट यात्रियों के लिए खुलेंगे।
मुखवा से मां गंगा की डोली रवाना
गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मां गंगा की डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखवा) से मंगलवार गंगोत्री धाम के लिए रवाना हो गयी है। पौने 12 बजे डोली धाम के लिए रवाना हो गयी। बुधवार दोपहर को गंगा की डोली गंगोत्री धाम पहुंचेगी। भैरव घाटी में आज रात का पड़ाव होगा। विधिवत पूजा अर्चना करने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दोपहर 1:15 पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
मां यमुनोत्री शनि देव की अगुवाई में होंगी विदा
यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बुधवार को अक्षय तृतीया पर मां यमुना के भाई शनि देव की अगुवाई में मां यमुना को विदा किया जाएगा। पहली बार यमुना की विदाई खरसाली में नव निर्मित यमुना मंदिर से होगी। इससे पूर्व में यमुना का वास गांव के ही राजराजेश्वरी मंदिर में हुआ करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *