भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को कांग्रेस ने ये दिया जवाब

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के राहुल गांधी से उनकी तीन पीढ़ियों का हिसाब मांगने वाले व नेहरू-गांधी परिवार की उपलब्धि को लेकर विवादित अस्थि कलश वाले बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने करारा जवाब दिया है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने फेसबुक पेज पर दिए जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष राहुल गाधी से उनकी तीन पीढ़ियों का हिसाब मांग रहे हैं। राहुल शायद उत्तर नहीं देंगे, राष्ट्र व समाज के लिये समर्पित लोग अपने मुंह से अपना बखान नहीं करते हैं, मगर इस देश का प्रत्येक नागरिक अमित शाह के सवाल का जवाब देगा तथा भाजपा. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, जनसंघ या हिन्दु महासभा में कोई ऐसा नेता है जिसकी तीन पीढ़ियां देश की आजादी के लिये जेल गई हों। हरीश रावत ने लिखा है कि राहुल गांधी के परनाना स्व. मोतीलाल नेहरू, पऱनानी स्व. स्वरूप रानी, नाना जवाहरलाल नेहरू, नानी कमला नेहरू, नाना की बहन स्व. विजय लक्ष्मी पंडित, दादी इंदिरा गांधी देश के स्वतंत्रता आंदोलन में जेल गये। राहुल गांधी के दादा स्व. फिरोज गांधी भी जेल यात्री रहे हैं।
उन्होंने अमित शाह को संबोधित करते हुए लिखा है कि कभी अमित शाह सोचा कि भारत की अखंडता के दुश्मनों की गोलियां क्यों गांधी परिवार को खोजती हैं। महात्मा गांधी से प्रारम्भ हुई बलिदान की इस परंपरा को इन्दिरा गांधी, राजीव गांधी ने आगे बढ़ाया और सरदार बेअंत सिंह से लेकर विद्याचरण शुक्ला तक आतंकियों के हमले से शहीद हुए। ये सभी नेता कांग्रेस परिवार के थे। हरीश रावत ने लिखा है कि देश व दुनिया ने यों ही पं. नेहरू को आधुनिक-भारत का निर्माता नहीं कहा, उन्होंने एक जर्जर अत्यधिक निर्धन व विभाजन से टूटे हुए देश को संभाला व संवारा। नेहरू ने भारत को एक विश्व दृष्टि के साथ आधुनिक सोच दी सामाजिक घृणा-छुआछूत को कानून समाप्त घोषित किया, सती प्रथा को बंद करने व विधवा विवाह को कानूनी संरक्षण दिया, भूमि सुधार कानून बनाया, योजना आयोग सहित अंतरिक्ष व परमाणु ऊर्जा के सवंर्धन के लिए आयोग गठित किए, भांखड़ा-नागंल सहित बड़े-2 बाधों, स्टील प्लान्टों व उद्यमों को खड़ा किया, देश को औद्योगिक विकास नीति के माध्यम से सुई न बनाने वाले देश को एक औद्योगिक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया, पंचशील गुटनिरपेक्षता के सिद्वान्त के माधम से दुनियाभर के देशों की विरादरी में भारत को नेता का स्थान दिया, नस्लीय भेदभाव के खिलाफ दुनियां को एक जुट किया। अमित शाह को और क्या-2 जवाब चाहिये।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि इंदिरा जी ने क्या किया, राजीव जी ने क्या किया, शास्त्री जी, नरसिम्हाराव जी व डॉ. मनमोहन सिंह जी ने क्या किया, वह भी आपको बतायेंगे। ये लोग भी तो नेहरू-गांधी व कांग्रेस परिवार के हिस्सा थे, सोनिया गांधी ने क्या किया वह भी बतायेंगे लेकिन पहले अमित शाह को बताना होगा कि इन साढ़े तीन वर्षों में उनके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना कौन सा चुनावी वादा पूरा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *