कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष हुआ हंगामा
देहरादून। पीएम नरेन्द्र मोदी को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के चोर कहने के बयान के बाद उत्तराखंड भाजपा में उबाल आ गया है। यही उबाल बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष देखने को मिला, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं के नारेबाजी व प्रदर्शन करने से कांग्रेस कार्यकर्ता भी मैदान में आ गये और दोनो के बीच धक्का-मुक्की व हाथापाई के रूप में महासंग्राम शुरू हो गया।
पीएम मोदी पर आए दिन राहुल गांधी के द्वारा तंज कसे जाने और चोर कहने के बयान के बाद BJP कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को जवाब देने के लिए विरोध का कार्यक्रम बनाया था। इसके तहत वे दोपहर को कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन पहुंच गए। उस समय कांग्रेस भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। कांग्रेस भवन में कार्यक्रम व उसमें आला नेताओं की मौजूदगी जान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी व प्रदर्शन के साथ ही हंगामा करना शुरू कर दिया। इतने में वहां कांग्रेस के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं में माहौल गरमा गया। नारेबाजी व बहस से शुरू हुए विवाद ने बाद में धक्का-मुक्की व मारपीट का रूप ले लिया। मामला अधिक बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वह भी स्थिति को संभाल पाने में विफल नजर आयी। पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसी तरह वहां से कार्यकर्ताओं को हटाने का प्रयास किया। इसके बाद महिला कांग्रेस व अन्य कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के बाहर ही पीएम मोदी को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।